
हाथरस 04 नवंबर। सड़क हादसे के दौरान खोई कीमती संपत्ति को खोजकर उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने में हाथरस पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र की चौकी अगसौली पुलिस ने दुर्घटना में खोई करीब एक तोले वजन की सोने की चेन बरामद कर बुधवार को उसके स्वामी को सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात्रि में थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के अंतर्गत डुकरिया बंबा के पास कार (ब्रेजा) और टेम्पो संख्या UP82BT6391 के बीच सड़क दुर्घटना हो गई थी। सूचना मिलते ही चौकी अगसौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया।
दुर्घटना के दौरान कार स्वामी पवन कुमार पुत्र नाहर सिंह निवासी इंदु पैन्घोर, थाना कुम्हेर, जनपद डीग (राजस्थान) का आईफोन मोबाइल और करीब एक तोले वजन की सोने की चेन कहीं खो गई थी। चौकी अगसौली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आईफोन मोबाइल तत्काल खोजकर उसके स्वामी को लौटा दिया था। इसी क्रम में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए सोने की चेन भी खोज निकाली। बुधवार, 4 नवंबर 2026 को पुलिस ने चेन उसके वास्तविक स्वामी पवन कुमार के सुपुर्द कर दी। हाथरस पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के साथ-साथ उनकी खोई हुई संपत्ति को वापस दिलाने के लिए पुलिस सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।





