
हाथरस 04 नवंबर। मेरा युवा भारत, हाथरस (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से बुधवार को DIET कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा संवाद-अपने वोट को जानें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका परिषद हाथरस की अध्यक्ष श्वेता चौधरी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने मेरा युवा भारत (MY Bharat) की गतिविधियों, उद्देश्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने युवाओं को विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर सामाजिक एवं राष्ट्रीय विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद युवा आइकॉन अश्विनी चौहान ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) विषय पर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से युवाओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया और उससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, विवरणों की शुद्धता और मताधिकार के प्रति जागरूक रहने के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नगरपालिका परिषद अध्यक्ष श्वेता चौधरी और छात्र-छात्राओं के बीच आयोजित खुला संवाद रहा। इस दौरान युवाओं ने लोकतंत्र, मतदान प्रक्रिया और मतदाता जागरूकता से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका श्वेता चौधरी ने जवाब दिया। संवाद के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भूमिका समझने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में मताधिकार का महत्व जानने का अवसर मिला। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने लोकतांत्रिक शपथ ली। सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने तथा एक जागरूक नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदाता जागरूकता और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने के साथ ही राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।





