
हाथरस 03 नवंबर। दीपावली से पूर्व प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ देने के लिए मंगलवार, आज कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इसके बाद विधायक, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिल के लिए मिलने वाली सब्सिडी की धनराशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। विधायक प्रदीप कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशियां लाने के लिए योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार से पहले उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा देना गरीब परिवारों के लिए राहत की पहल है। सरकार का उद्देश्य है कि गरीब से गरीब व्यक्ति के घर में भी त्योहार खुशहाली और उल्लास के साथ मनाए जा सकें।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि त्योहार से पहले निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा मिलने से लाभार्थी परिवारों को राहत मिलेगी। जिला प्रशासन का प्रयास है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी लाभार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि रसोई गैस का सिलेंडर केवल खाना बनाने का साधन नहीं है, बल्कि महिलाओं के लिए सुविधा, स्वतंत्रता और सम्मान का प्रतीक भी है। जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार गौतम ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो बार निःशुल्क गैस रिफिल का लाभ दिया जाएगा। जनपद में योजना के कुल 1,87,267 लाभार्थी हैं। योजना का पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक और दूसरा चरण जनवरी से मार्च 2027 तक संचालित होगा। उन्होंने बताया कि निःशुल्क रिफिल का लाभ पाने के लिए लाभार्थी का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक होना और ई-केवाईसी पूरी होना आवश्यक है। लाभार्थियों को पहले गैस एजेंसी पर सिलेंडर रिफिल की पूरी धनराशि जमा करनी होगी। इसके बाद संबंधित गैस कंपनी द्वारा 4 से 5 दिन के भीतर रिफिल की धनराशि उनके बैंक खाते में वापस कर दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में जिला पूर्ति अधिकारी ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, खंड विकास अधिकारी, जिला पूर्ति निरीक्षक, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।









