
हाथरस 03 नवंबर। जनपद के विकासखंड मुरसान स्थित सभागार कक्ष में मंगलवार, आज ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह टास्कफोर्स की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण और सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जरूरतमंद बच्चों एवं महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। बैठक में सहायक विकास अधिकारी ज्ञानदीप शर्मा ने एनआरएलएम के बारे में जानकारी देते हुए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित कराने की अपील की। खंड शिक्षा अधिकारी गिर्राज सिंह ने बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास के बालक-बालिकाओं को मोबाइल फोन और टीवी के अनावश्यक उपयोग से दूर रखते हुए उन्हें अच्छी शिक्षा एवं संस्कार देने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने बेटियों को आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोष, 181 महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, किशोर न्याय अधिनियम-2015, बालश्रम, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 और घरेलू हिंसा से संबंधित प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं के प्रति होने वाले सामाजिक भेदभाव को समाप्त करना और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराना है। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1098 और 112 की जानकारी भी दी। मुरसान थाने से आए बाल कल्याण अधिकारी ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 के बारे में विस्तार से बताया। वहीं विशेष दत्तक ग्रहण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता प्रीती गोयल ने बच्चों को गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी। सुपरवाइजर हेमलता ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को महिला कल्याण विभाग की योजनाओं के अधिक से अधिक आवेदन कराने तथा ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठकों का कार्यवृत्त प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग से बंटी कुशवाहा सहित विकासखंड मुरसान की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं।










