सासनी 02 नवंबर। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल प्रखंड सासनी के तत्वावधान में स्थानीय आर्य समाज मंदिर में हुतात्मा दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले कारसेवकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना में अनेक रामभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि कारसेवकों का संघर्ष और बलिदान सदैव याद किया जाएगा। उनके त्याग और संघर्ष ने राम मंदिर आंदोलन को नई दिशा दी। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण उन सभी के संघर्षों की स्मृति को जीवंत रखता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय ने की, जबकि संचालन प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने किया। इस अवसर पर संगठन विस्तार के तहत नए दायित्व मिलने पर नरेश उपाध्याय को प्रखंड गोरक्षा प्रमुख, हर्षवर्धन को प्रखंड सह सत्संग प्रमुख तथा राजू माहौर को प्रखंड साप्ताहिक मिलन प्रमुख का दायित्व सौंपा गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर बलिदानी कारसेवकों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही संगठन की पूर्व क्षेत्रीय संयोजिका स्वर्गीय बहन रीना शर्मा को भी याद कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रखंड उपाध्यक्ष प्रेम दत्त शर्मा एवं जितेंद्र सिंह, सहमंत्री जयपाल सिंह कुशवाहा एवं सचिन भार्गव, प्रखंड सेवा प्रमुख सत्यप्रकाश पाठक, मनोज कुमार शर्मा, मुरारी लाल पाठक, रामकिशन दुबे, श्याम नारायण वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







