
हाथरस 30 अक्टूबर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव रूहेरी में शुक्रवार को खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से 45 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव रूहेरी निवासी ब्रजभूषण (45) पुत्र रणवीर सिंह श्रोती कृषि मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार को वह गांव के ही एक ट्रैक्टर चालक के साथ एक व्यक्ति के खेत की जुताई कराने गए थे। बताया जाता है कि ब्रजभूषण चलते ट्रैक्टर पर लगे रोटावेटर पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह रोटावेटर की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना होते ही ट्रैक्टर चालक के होश उड़ गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
इस संबंध में कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी नितिन कसाना ने बताया कि रोटावेटर की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।










