
हाथरस 30 अक्टूबर। शहर के इगलास रोड स्थित वीएस क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे हाथरस जूनियर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवें दिन दो लीग मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में एस वॉरियर्स ने एलाइट वॉरियर्स को तीन विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में गनिहार टाइटंस ने वीएस हंटर्स को 52 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
एस वॉरियर्स ने तीन विकेट से जीता पहला मुकाबला
दिन का पहला मैच एलाइट वॉरियर्स और एस वॉरियर्स के बीच खेला गया। एलाइट वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और पूरी टीम 120 रनों पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कार्तिक ने 36 और रजत ने 26 रनों का योगदान दिया। एस वॉरियर्स की तरफ से लक्ष्य ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए, जबकि अश्वनी ने चार विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एस वॉरियर्स की टीम ने 17.1 ओवर में तीन विकेट खोकर आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में हर्ष ने 54 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जबकि अश्वनी ने 37 रनों का अहम योगदान दिया। एलाइट वॉरियर्स की तरफ से तरुण और नितिन ने एक-एक विकेट हासिल किया। शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के लिए अश्वनी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गनिहार टाइटंस ने 52 रनों से जीता दूसरा मुकाबला
दिन का दूसरा मुकाबला गनिहार टाइटंस और वीएस हंटर्स के बीच खेला गया। वीएस हंटर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी गनिहार टाइटंस ने निर्धारित ओवरों में 176 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान नितिन पाल ने शानदार 95 रन बनाए, जबकि मानव ने 19 रनों का योगदान दिया। वीएस हंटर्स की तरफ से भव्य और दक्ष ने दो-दो विकेट हासिल किए। 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीएस हंटर्स की टीम 124 रनों पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से शौर्य ने 29 और आदेश ने 23 रन बनाए। गनिहार टाइटंस की तरफ से नितिन ने चार विकेट और अभिमन्यु ने दो विकेट हासिल किए। इस तरह गनिहार टाइटंस ने 52 रनों से मुकाबला जीत लिया। शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिए नितिन पाल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच में अंपायर की भूमिका सौरभ चंद्रा और मनु वर्मा ने निभाई, जबकि कमेंट्री सौरव शर्मा ने की। इस दौरान विजय शर्मा, गोपाल पौनिया, सूरज, दिव्यांश, हर्ष, लोकेश, शेखर कश्यप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










