
हाथरस 30 अक्टूबर। जनपद के पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate-DLC) जमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि उन्हें पेंशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ द्वारा 14 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में राज्य सरकार के पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के उपयोग एवं जमा कराने की प्रक्रिया को सक्रिय रूप से प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी ने इस कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की है।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया है कि ग्राम स्तर पर तैनात पंचायत सचिवों के माध्यम से पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। वहीं, अग्रणी जिला प्रबंधक, केनरा बैंक, हाथरस को जनपद की सभी बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन के निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए ग्राम पंचायतों एवं बैंक शाखाओं के माध्यम से व्यापक अभियान चलाकर अधिकतम पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिससे पेंशनभोगियों को अपनी पेंशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।










