सासनी 29 अक्टूबर। कस्बा सासनी के मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर 30 टायरों वाला विशालकाय ट्रक लोगों के बीच कौतूहल का केंद्र बन गया। ट्रक पर सीमेंट बनाने वाली भारी-भरकम मशीन लदी हुई थी। विशाल आकार के इस वाहन के गुजरने के दौरान सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए काफी मशक्कत के बाद ट्रक को सुरक्षित रास्ता पार कराया। जानकारी के अनुसार, यह विशालकाय ट्रक उत्तराखंड के हरिद्वार से ओडिशा जा रहा था। गुरुवार शाम करीब चार बजे ट्रक के सासनी क्षेत्र में पहुंचते ही मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। ट्रक का विशाल आकार और उस पर लदी भारी मशीनरी देखने के लिए स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
यातायात प्रभावित होने की सूचना पर सासनी पुलिस सक्रिय हुई। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभाली और सावधानीपूर्वक ट्रक को कस्बे से बाहर निकलवाया। ट्रक के निकलने के बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। ट्रक ऑपरेटर अनिल यादव ने बताया कि 30 टायरों वाले इस विशेष वाहन पर सीमेंट बनाने वाली आधुनिक मशीन लदी हुई है। मशीनरी को हरिद्वार के एक औद्योगिक संयंत्र से ओडिशा में चल रहे नए प्रोजेक्ट के लिए ले जाया जा रहा है। मशीन का आकार और अत्यधिक वजन होने के कारण ट्रक को धीमी और नियंत्रित गति से चलाना पड़ता है। ऐसे में संकरे रास्तों से गुजरते समय यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। पुलिस की तत्परता से ट्रक को सुरक्षित निकाल लिया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों के बीच विशालकाय वाहन चर्चा का विषय बना रहा।










