सासनी : करवा चौथ की खरीदारी कर लौट रहे परिवार की मोपेड में ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, तीनों बाल-बाल बचे
सासनी 29 अक्टूबर। करवा चौथ की खरीदारी कर गांव लौट रहे एक परिवार की मोपेड में सासनी-अलीगढ़ रोड पर पुरानी सब्जी मंडी के निकट ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि मोपेड सवार दंपती और उनकी चार वर्षीय बेटी सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी जीतेश पुत्र ओंकार अपनी पत्नी पार्वती और चार वर्षीय बेटी चारु के साथ करवा चौथ की खरीदारी करने सासनी बाजार आए थे। खरीदारी करने के बाद तीनों मोपेड से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सासनी-अलीगढ़ रोड पर पुरानी सब्जी मंडी के पास ट्रैक्टर ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोपेड ट्रैक्टर के नीचे फंस गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में परिवार के तीनों सदस्य बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर सागर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर के नीचे फंसी मोपेड को बाहर निकलवाया और यातायात सुचारु कराया। बताया गया है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हादसे के बाद परिवार के सदस्य सहमे हुए हैं










