
हाथरस 28 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियों के तहत प्रदेश के सभी माध्यमिक विद्यालयों को शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विवरण परिषद की वेबसाइट पर अपलोड एवं अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के 27 अक्टूबर के निर्देशों के क्रम में सभी प्रधानाचार्यों को यह कार्य 15 नवंबर तक पूरा कराने को कहा गया है। परिषद के निर्देशों के अनुसार, आगामी बोर्ड परीक्षाओं में प्रयोगात्मक परीक्षा, मूल्यांकन कार्य, कक्ष निरीक्षण और अन्य दायित्वों के निर्वहन के लिए शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के कम्प्यूटरीकृत पहचान पत्र तैयार किए जाने हैं। इसके लिए विद्यालयों में कार्यरत सभी संबंधित कार्मिकों का अद्यतन विवरण परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर विद्यालय लॉगइन के माध्यम से अपलोड करना अनिवार्य है। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि प्रधानाचार्य पोर्टल पर विवरण अपलोड करने से पहले उसकी सावधानीपूर्वक जांच कर लें। विशेष रूप से शिक्षकों के नाम, पदनाम, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, मोबाइल नंबर, शैक्षिक योग्यता तथा हाईस्कूल या इंटरमीडिएट स्तर पर अध्यापन के लिए निर्धारित विषय के नाम और कोड का सत्यापन किया जाए। इसका उद्देश्य गलत विषय में किसी शिक्षक की परीक्षक के रूप में नियुक्ति रोकना और अनर्ह शिक्षक को परीक्षक बनाए जाने की संभावना समाप्त करना है।
परिषद ने यह भी निर्देश दिया है कि किसी शिक्षक का विवरण एक से अधिक विद्यालयों के माध्यम से अग्रसारित नहीं होना चाहिए। यदि किसी प्रधानाचार्य द्वारा पोर्टल पर त्रुटिपूर्ण या भ्रामक जानकारी अपलोड किए जाने के कारण कोई अनर्ह अथवा अयोग्य शिक्षक परीक्षक नियुक्त होता है, तो संबंधित प्रधानाचार्य को इसके लिए जिम्मेदार माना जाएगा। शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विवरण अपलोड और अपडेट करने के लिए परिषद की वेबसाइट 15 नवंबर तक क्रियाशील रहेगी। ऐसे में सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर विवरण अपडेट करने और उसकी शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।










