
हाथरस 28 अक्टूबर। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मेंडू रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट से कासगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन में एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेन की बोगी से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सीटू पुत्र नन्नू मल निवासी डोरी नगर, थाना गांधी पार्क, अलीगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि सीटू अपने एक दोस्त के साथ शादी समारोह में शहनाई बजाने के काम से जा रहा था। उसके दोस्त के मुताबिक, रास्ते में सीटू ने नशे के कैप्सूल का सेवन किया था। दोस्त ने यह भी बताया कि सीटू नशे का आदी था। हालांकि, युवक की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि सीटू कई दिनों से घर से निकला हुआ था और वे उसकी तलाश कर रहे थे। युवक का शव मिलने की सूचना से परिवार में शोक छा गया। फिलहाल, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर युवक की मौत के कारणों का पता लगाएगी।










