
हाथरस 26 अक्टूबर । जनपद के सासनी क्षेत्र अंतर्गत शिव धाम कॉलोनी में रुपये के विवाद को लेकर देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर के बाहर खड़ी बलेनो, स्कॉर्पियो और स्कॉर्पियो-एन गाड़ियों पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। घटना में तीनों गाड़ियों को निशाना बनाए जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। रुपये के विवाद को लेकर हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।






