
हाथरस 26 अक्टूबर। कस्बा मुरसान में श्रीरामलीला का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने विधिवत पूजा-अर्चना, फीता काटकर और भगवान श्रीराम की आरती उतारकर किया। इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजकों ने रामेश्वर उपाध्याय का 51 किलो की फूलमाला पहनाकर और पटका ओढ़ाकर स्वागत किया। आयोजकों ने उन्हें भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित भी किया। शुभारंभ के अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने सभी श्रद्धालुओं को श्रीरामलीला की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यपालन की प्रेरणा देता है। श्रीरामलीला जैसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य राजा गरुड़ध्वज सिंह, पूर्व चेयरमैन गिर्राज किशोर शर्मा, पवन कौशिक, अज्जू गौड़, भालू अग्रवाल, राजेश शर्मा, दिलीप मित्तल, आदित्य भारद्वाज, ब्रजेश शर्मा, सूरज शर्मा, अजीत गोस्वामी, गिरीश दीक्षित और पवन मामा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






