
हाथरस 26 अक्टूबर। शहर के इगलास रोड स्थित वीएस क्रिकेट ग्राउंड पर हाथरस जूनियर प्रीमियर लीग (एचजेपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन हुआ। टूर्नामेंट का शुभारंभ भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। टूर्नामेंट के पहले दिन दो मुकाबले खेले गए, जिनमें रॉयल स्ट्राइकर्स और वर्मा एम्पायर की टीमों ने जीत हासिल की। पहला मुकाबला रॉयल स्ट्राइकर्स और थंडर स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर थंडर स्ट्राइकर्स ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल स्ट्राइकर्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने महज 60 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए। इसके बाद हर्ष भारद्वाज और गगन यादव ने पारी को संभाला। हर्ष ने 43 गेंदों पर शानदार 51 रन बनाए, जबकि गगन यादव ने 28 रनों का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 58 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रॉयल स्ट्राइकर्स ने निर्धारित पारी में 174 रन बनाए। थंडर स्ट्राइकर्स की ओर से अनमोल ने चार और अर्जुन ने दो विकेट हासिल किए।
175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडर स्ट्राइकर्स की टीम 133 रनों पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कर्तव्य और अनमोल ने 36-36 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। रॉयल स्ट्राइकर्स की तरफ से मनन ने चार विकेट लिए, जबकि भानु और रिहान ने दो-दो विकेट हासिल किए। इस तरह रॉयल स्ट्राइकर्स ने मुकाबला 41 रनों से जीत लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए हर्ष भारद्वाज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिन का दूसरा मुकाबला वर्मा एम्पायर और इलाइट वॉरियर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर वर्मा एम्पायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 22 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए। टीम की ओर से करन ने 24 और प्रशांत ने 23 रनों का योगदान दिया। इलाइट वॉरियर्स की तरफ से अरुण और नितिन ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलाइट वॉरियर्स की टीम 97 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से अंकित ने सर्वाधिक 46 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके। वर्मा एम्पायर की तरफ से मयंक और दिव्यांश ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वर्मा एम्पायर ने यह मुकाबला 26 रनों से जीत लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए दिव्यांश को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। दोनों मुकाबलों में अंपायरिंग राहुल कुमार, सौरभ चंद्रा, विशाल उपाध्याय और असद ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी युग शर्मा ने निभाई। टूर्नामेंट के दौरान विजय शर्मा, शेखर कश्यप, गोपाल पौनिया, गोलू, हनी, भानु और हर्ष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







