
हाथरस 25 अक्टूबर । कोतवाली सासनी क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित गीता फार्म हाउस में चौकीदार को बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है। कस्बा सासनी के मोहल्ला बारहसैनी निवासी फार्म हाउस स्वामी नीशू गुप्ता पुत्र लक्ष्मी नारायण गुप्ता के अनुसार, शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाश उनके गीता फार्म हाउस में घुस आए। वहां रखे चार जनरेटरों में से अल्टीनेटर निकाल लिए गए। इसके अलावा बदमाश सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर और नकदी भी ले गए। फार्म हाउस के चौकीदार भूरी सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे छह से सात अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे थे। बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि बदमाशों ने वहां मौजूद एक हलवाई के हेल्पर का मुंह ढककर उसे सुला दिया, ताकि वह शोर न मचा सके। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है।







