
हाथरस 25 अक्टूबर। गांव नगला दुर्जी शहजादपुर में मामूली विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी की दुकान पर सामान लेने गए बच्चे के साथ मारपीट की गई। इसकी शिकायत करने पहुंचे उसके पिता और मां पर भी हमला कर दिया गया। ईंट से हमला किए जाने के कारण दंपती के सिर में चोटें आईं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव नगला दुर्जी निवासी बृजनंदन पुत्र रामप्रकाश ने थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि 23 अक्टूबर को दोपहर उनका बेटा मनीष कुमार पड़ोसी राकेश की दुकान पर सामान लेने गया था। आरोप है कि वहां दुर्गे ने मनीष के साथ मारपीट कर दी। बेटे के साथ हुई घटना की शिकायत करने के लिए बृजनंदन हरपाल के घर पहुंचे।
बृजनंदन के अनुसार, वहां हरपाल के बेटे जीतू, रविंद्र और मोहित ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट से हमला कर बृजनंदन और उनकी पत्नी के सिर में चोट पहुंचाई तथा उन्हें जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराए जाने की बात कही गई है।







