
हाथरस 25 अक्टूबर। चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में अपनी सेवाओं के लिए हाथरस के वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोहित अग्निहोत्री को प्रतिष्ठित ‘बेस्ट क्लिनिशियन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। रविवार, 25 अक्टूबर को गोरखपुर में आयोजित चिकित्सा सम्मेलन ‘फिजियोकोन 2026’ में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से हाथरस के चिकित्सा जगत में खुशी का माहौल है। सम्मेलन के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल उपस्थित रहे। उनके साथ देश के विभिन्न जनपदों से आए चिकित्सा विशेषज्ञों ने डॉ. मोहित अग्निहोत्री को सम्मानित किया। सम्मान प्रदान करने वाले विशिष्ट अतिथियों में इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथैरेपी, उत्तर प्रदेश के सचिव डॉ. के.के. शर्मा, लखनऊ के डॉ. बृजेश त्रिपाठी, कानपुर के डॉ. सुधीर द्विवेदी, दिल्ली के डॉ. धर्म पांडेय तथा गोरखपुर के प्रख्यात ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. राजेश त्रिपाठी और डॉ. त्र्यम्बक पांडेय प्रमुख रूप से शामिल रहे।
‘फिजियोकोन 2026’ में चिकित्सा जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तियों और विशेषज्ञों ने भाग लिया। आयोजकों एवं उपस्थित विशेषज्ञों के अनुसार, डॉ. अग्निहोत्री को मिला यह सम्मान फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उनके अनुभव, समर्पण और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के प्रयासों की सराहना है। डॉ. मोहित अग्निहोत्री को इस उपलब्धि के लिए हाथरस के चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों, मित्रों और स्थानीय नागरिकों की ओर से बधाइयां एवं शुभकामनाएं मिल रही हैं। उनकी इस उपलब्धि को जनपद के लिए गौरवपूर्ण बताया जा रहा है।







