मुरसान 23 अक्टूबर। क्षेत्र के गांव बंका और अहरई में मारपीट के मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एक पक्ष ने युवक और उसके चाचा के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने व तमंचा लेकर जान से मारने की नीयत से पीछे दौड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने रिपोर्ट को फर्जी बताते हुए पुलिस पर बिना जांच कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। गांव दऊदा निवासी हेमंत पुत्र रणवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अक्तूबर की सुबह करीब 8:30 बजे उनका भतीजा ललित कुमार गांव बंका में चक्की पर आटा लेने गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद गांव अहरई निवासी सुनील और शुभम पुत्र सुरेश व तीन अन्य युवकों ने ललित के साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
हेमंत का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर वह भतीजे के साथ गांव अहरई पहुंचे। आरोप है कि वहां यतेन्द्र पुत्र रमेश, सुनील और शुभम पुत्र सुरेश, सुरेन्द्र पुत्र शिवलाल, करन पुत्र अशोक, डिगम्बर पुत्र साहब सिंह, मुकेश पुत्र रामखिलाड़ी और देवजीत पुत्र ओमप्रकाश ने एकराय होकर उनके और ललित के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोप है कि सुनील तमंचा लेकर ललित के पीछे दौड़ा। दोनों किसी तरह जान बचाकर गांव लौट आए। वहीं, आरोपी सुरेन्द्र सिंह का कहना है कि घटना के बताए गए समय वह खेत पर काम कर रहे थे। आरोपी मुकेश ने भी रिपोर्ट को फर्जी बताते हुए कहा कि उस समय वह अपने घर पर पुताई का काम कर रहे थे। सुनील का आरोप है कि 11 अक्तूबर को उसके साथ मारपीट हुई थी, जिसकी रिपोर्ट उसने मुरसान कोतवाली में एससी-एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में दर्ज कराई थी। उसके अनुसार, दूसरे पक्ष के लोग तभी से फैसले का दबाव बना रहे हैं और इसी रंजिश में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उसने घटना का वीडियो होने की बात भी कही है।









