
हाथरस 23 अक्टूबर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला खंदारी गढ़ी में बृहस्पतिवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक महिला द्वारा पति और बच्चों को पीने के लिए दिए गए दूध का सेवन करने के कुछ घंटे बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चार वर्षीय मासूम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, पिता और बड़े बेटे की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला खंदारी गढ़ी निवासी मोहम्मद दानिश को बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे उनकी पत्नी काजल ने पति और दोनों बच्चों को पीने के लिए दूध दिया था। दूध पीने के कुछ घंटे बाद परिवार के तीनों सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनकी हालत खराब होने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
रात करीब 1:30 बजे मोहम्मद दानिश और उनके दोनों बच्चों को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया। यहां चिकित्सकों ने चार वर्षीय आशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दानिश और उनके छह वर्षीय बड़े बेटे जोऐब की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद दूध में किसी विषाक्त पदार्थ की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दूध में क्या मिलाया गया था या तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी पुष्टि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। इस घटना के बाद मोहल्ले में शोक और चिंता का माहौल है। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पिता और बड़े बेटे की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मामले में वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।









