हाथरस 23 अक्टूबर। जनपद में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए शनिवार, 24 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष अभियान के तहत हाथरस, सादाबाद और सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर यह कैंप लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य ‘कोई मतदाता न छूटे’ के लक्ष्य को पूरा करते हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशान्त तिवारी ने बताया कि विशेष कैंप के दिन सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन फॉर्म भरने में सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। साथ ही, विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली और उसके बाद जारी सभी पूरक सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी। इस अभियान में सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों से भी नियमानुसार सहयोग की अपेक्षा की गई है।
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक पात्र नागरिक अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लेकर मतदान केंद्र पहुंचें। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (वोटर आईडी) नंबर उपलब्ध है, तो उसे भी साथ ले जाना उपयोगी होगा। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह अपने मतदान केंद्र पर बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त कर भरकर जमा कर सकता है। इसके अलावा तहसील कार्यालय में स्थापित मतदाता पंजीकरण केंद्र और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फॉर्म प्राप्त किए जा सकते हैं। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। फार्म-6 का उपयोग मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, फार्म-7 का उपयोग नाम हटाने और फार्म-8 का उपयोग मतदाता विवरण में संशोधन के लिए किया जाता है। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष कैंप का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।









