
हाथरस 20 अक्टूबर । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में एफएलसी (प्रथम स्तरीय जांच) के दौरान खराब पाई गईं ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों को इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल), हैदराबाद भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संबंधित वेयरहाउस के दरवाजों की सील खुलवाई। वेयरहाउस खोले जाने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजिका पर हस्ताक्षर किए। पूरी कार्रवाई भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता बनाए रखने और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई। इस दौरान भाजपा के प्रशासनिक कार्य प्रमुख सुनील वर्मा एडवोकेट, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार गौतम, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की जांच एवं उनके रखरखाव से जुड़ी निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत खराब मशीनों को ईसीआईएल हैदराबाद भेजा जाएगा।










