
हाथरस 19 अक्टूबर । सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव मुन्नापुर में ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 19 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए आरोपित शिव कुमार को रतिभानपुर ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, गांव मुन्नापुर निवासी आकाश ने 12 अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि आठ अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे उसका भाई राहुल नल पर पानी पी रहा था। इसी दौरान पड़ोस के खेत में ट्रैक्टर चला रहे शिव कुमार ने उसे अपने पास बुलाया और कथित तौर पर तेज गति से ट्रैक्टर उसके ऊपर चढ़ा दिया। तहरीर के मुताबिक, राहुल ट्रैक्टर के रोटावेटर में फंस गया और करीब चार मीटर तक घसीटता चला गया। घटना के बाद आरोपित ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर सिकंदराराऊ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 19 अक्टूबर को आरोपित शिव कुमार को रतिभानपुर ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।







