Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 19 अक्टूबर । शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन महानवमी पर्व पर सोमवार को कस्बा, देहात के देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में पहुंचने लगी। माता के जयकारों और घंटा-घड़ियालों की गूंज से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठे। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महानवमी के अवसर पर कस्बे के प्रसिद्ध माता काली मंदिर, माता चावण वाली मंदिर, पथवारी माता मंदिर, शीतला माता मंदिर और बायपास मार्ग स्थित काली माता मंदिर में सुबह से ही महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। श्रद्धालुओं ने माता रानी को चुनरी, नारियल, पुष्प और प्रसाद अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिरों में लगातार लग रहे माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महानवमी पर देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की विशेष आस्था देखने को मिली। माता रानी के दरबार में मांगी गई मुरादें पूरी होने पर भक्तों द्वारा माता को आकर्षक पोशाक, प्रसाद, चुनरी और पीतल के घंटे चढ़ाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्चे मन से माता की आराधना करने पर उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के चलते मंदिरों में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। सहपऊ स्थित प्रसिद्ध भद्रकाली माता मंदिर और गांव कुरसंडा के विख्यात अटाकी माता मंदिर में भी महानवमी पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों की रक्षा करने वाली अटाकी माता के दरबार में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। देवी मंदिरों में दिनभर धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया और अपने परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की। महानवमी पर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक माता रानी की भक्ति का विशेष उत्साह दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page