Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सासनी 18 अक्टूबर । अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को श्री हनुमान जी चौकी के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, गारव गढ़ी निवासी 35 वर्षीय सहजाद बुलेट मोटरसाइकिल से अलीगढ़ से सासनी की ओर आ रहे थे। बताया गया है कि नगर वन के पास रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सादाबाद क्षेत्र के हसनपुर बारू निवासी कालू अपने परिवार के साथ सवार थे। वे खुर्जा में अपनी बहन के यहां आयोजित देवी जागरण में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों के बीच भिड़ंत हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी में प्राथमिक उपचार के बाद सहजाद और कालू की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति की पहचान और उसकी स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page