Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 अक्टूबर । नवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम, हाथरस में चैतन्य नौ देवियों के दर्शन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल ब्रह्मचारी कुमारियों ने नौ देवियों का मनमोहक स्वरूप धारण कर आकर्षक झांकी सजाई। सजीव स्वरूप में विराजमान नौ देवियों के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और सभी ने आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की। इस अवसर पर हाथरस जिला प्रभारी राजयोगिनी बीके सीता दीदी ने सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए पर्व के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा नवरात्रि पर्व हमें अपने जीवन में पवित्रता, शांति, प्रेम और दिव्य गुणों को धारण करने की प्रेरणा देता है। चैतन्य नौ देवियों की झांकी हमें अपने अंदर की शक्तियों को जागृत कर बुराइयों पर विजय प्राप्त करने तथा श्रेष्ठ संस्कार अपनाने का संदेश देती है। वहीं, वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके भावना दीदी ने भी सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और आध्यात्मिक जीवन में पवित्रता, शांति एवं सकारात्मकता अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने उत्साहपूर्वक नृत्य कर अपनी खुशी व्यक्त की। पूरे परिसर में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीके रश्मि बहन, बीके पूजा बहन एवं बीके राधा बहन का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को देवी मां का प्रसाद वितरित किया गया। संपूर्ण आयोजन श्रद्धा, उमंग और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page