हाथरस 18 अक्टूबर । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हाथरस पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेस-6.0 के अंतर्गत जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के शहरों, कस्बों, गांवों और मंदिरों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, शासन द्वारा संचालित सहायता सेवाओं तथा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के संबंध में जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, पीछा करने तथा अन्य प्रकार के उत्पीड़न से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न का सामना करने पर बिना किसी भय अथवा संकोच के पुलिस से संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस टीमों ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता अभियान के तहत साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान व्यक्तियों के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या परेशानी के समय इन हेल्पलाइन सेवाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है। अभियान के दौरान बालिकाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं महिलाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए सुरक्षित, सम्मानजनक और समानता पर आधारित वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। हाथरस पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेस-6.0 के अंतर्गत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हो, वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें और महिला सम्मान एवं समानता के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित हो सके। हाथरस पुलिस ने अपील की है कि महिला या बालिका के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा अन्य अपराध होने पर चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने की बात कही है।








