सिकन्दराराऊ 17 अक्टूबर । नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद में बिजली के लट्ठे में करंट आने से एक भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि करंट की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला नौरंगाबाद में बिजली के एक लट्ठे में अचानक करंट उतर आया था। पास से गुजर रही एक भैंस जैसे ही लट्ठे के संपर्क में आई, वह करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
भैंस मालिक ने बताया कि लट्ठे में कई दिनों से फाल्ट था, जिसकी शिकायत पहले भी की जा चुकी थी, लेकिन समय पर ठीक नहीं किया गया। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द लट्ठे को ठीक करने और मुआवजे की मांग की है। मोहल्ले के लोगों ने मांग की है कि विभाग सभी जर्जर लट्ठों और लटकते तारों की जांच करे, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके। थंबनेल: करंट से भैंस मरी, नौरंगाबाद में हड़कंप










