सादाबाद 16 अक्टूबर । कस्बे के ऐतिहासिक काली मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। दुर्गा नवमी पर निकलने वाले विराट काली मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कोतवाली परिसर में पुलिस अधिकारियों ने काली मंडलों के अध्यक्षों और कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान मेले की रूपरेखा तय करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि इस बार काली मेले में किसी भी मंडल के साथ डीजे साउंड ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिबंध के बावजूद डीजे बजाने पर उसे तत्काल जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने को कहा। प्रभारी निरीक्षक ने चेतावनी दी कि किसी भी मंडल का अध्यक्ष, पदाधिकारी या वॉलिंटियर शराब के नशे में मिला तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मेले के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद, मारपीट या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी मंडल अध्यक्ष अपने स्वयंसेवकों को अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दें। जवाहर बाजार स्थित प्राचीन माता काली मंदिर से दुर्गा नवमी पर विशाल काली मेले का आयोजन होता है। इसमें लगभग पांच दर्जन काली स्वरूप अपनी कला और पारंपरिक प्रदर्शन से श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। मेले को देखने के लिए नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार मेले में मां वैष्णो देवी मंडल, मां तारागढ़ मंडल, श्री महाकाली मंडल, कालका मंडल, जामवंत मंडल, मां चामुंडा काली मंडल, महाकालका मंदिर मंडल, मां राधा रानी मंडल, श्री महाकालेश्वर मंडल, जय दुर्गे बाल मंडल, जय मां नैना देवी मंडल और मां चौड़ेरा मंडल के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने सभी मंडलों के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।










