Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 अक्टूबर । अलीगढ़-आगरा बाईपास स्थित जोगिया के बाँके बिहारी एन्क्लेव में नवनिर्मित सिद्धपीठ माँ कात्यायनी नवदुर्गा मंदिर में नवरात्रि के प्रारंभ से ही दस दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ आयोजित किया जा रहा है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन-यज्ञ एवं पाठ किए जा रहे हैं। वहीं, सायंकाल भजन-कीर्तन के माध्यम से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

माँ कात्यायनी सेवा समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन के संबंध में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 16 अक्टूबर, शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से माँ भगवती के नवदुर्गा स्वरूपों की प्रतिमाओं की वैदिक विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस अवसर पर अन्नाधिवास, घृताधिवास एवं जलाधिवास सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह पूजा अर्चना कर माँ कात्यायनी की आरती करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद तथा सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर उपस्थित रहेंगी। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत परम पूज्य महामंडलेश्वर रुद्रदेवानंद जी महाराज के सानिध्य में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। बैंडबाजों और कई सुंदर झांकियों के साथ शोभायात्रा प्रातः 7:30 बजे नवनिर्मित माँ कात्यायनी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख बाजारों में भ्रमण करते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी। शोभायात्रा में संत-महात्माओं के साथ बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल होंगे।

20 अक्टूबर को महाआरती, फूलबंगला और छप्पन भोग

महोत्सव के अंतर्गत 20 अक्टूबर, मंगलवार को मंदिर परिसर में महाआरती, भव्य फूलबंगला एवं छप्पन भोग के दर्शन होंगे। इसके साथ ही विशाल भंडारा एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परम पूज्य दीदी माँ साध्वी ऋतम्भरा , परमशक्तिपीठ, श्रीधाम वृंदावन तथा नाभापीठाधीश्वर जगद्गुरु परम पूज्य श्री सुतीक्ष्ण दास देवाचार्य महाराज, सुदामाकुटी, श्रीधाम वृंदावन का आगमन होगा। इस पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ब्रज प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र का विशेष सानिध्य भी रहेगा।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मंदिर के चरण सेवक देवेंद्र सिंह तोमर ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि सभी श्रद्धालु यज्ञ की परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त करें तथा माँ कात्यायनी का असीम आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य बनाएं। प्रेस वार्ता में मंदिर के चरण सेवक देवेंद्र सिंह तोमर, महामंडलेश्वर रुद्रदेवानंद जी महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह नगर कार्यवाह टिंकू राना तथा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के मीडिया प्रभारी आशीष सेंगर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page