Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 15 अक्टूबर । जिला कुश्ती संघ हाथरस के तत्वावधान में आज  आगरा रोड स्थित भारत केशरी हरिकेश कुश्ती एकेडमी में सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग की जिला स्तरीय कुश्ती चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न भार वर्गों के पहलवानों ने अपनी प्रतिभा और दांवपेच का प्रदर्शन किया। ट्रायल के आधार पर छह पहलवानों का चयन आगामी राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए किया गया है। जिला कुश्ती संघ के जिलाध्यक्ष राहुल जैसवाल एवं सचिव अंकित कुमार ने बताया कि गुरुवार को आयोजित चयन ट्रायल में पहलवानों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में 79 किलोग्राम भार वर्ग में यश चौधरी, 70 किलोग्राम में मयंक चौधरी, 74 किलोग्राम में भूपेंद्र कुमार, 92 किलोग्राम में निशांत और 86 किलोग्राम भार वर्ग में जतिन सिकरवार का चयन किया गया। वहीं महिला वर्ग के 72 किलोग्राम भार वर्ग में नीतू ने चयन हासिल किया। उन्होंने बताया कि चयनित सभी छह पहलवान आगामी 23 से 26 अक्टूबर तक जनपद गोरखपुर के सहजनवा स्थित मुरारी इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाली सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में हाथरस जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला कुश्ती संघ के पदाधिकारियों ने चयनित पहलवानों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि जिले के पहलवानों में प्रतिभा की कमी नहीं है। ऐसे चयन ट्रायल से प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। चयनित पहलवान अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी कुश्ती के दांवपेच दिखाकर जिले का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page