
हाथरस (मुरसान) 12 अक्टूबर। मुरसान क्षेत्र के जटोई गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गए 40 वर्षीय महेश चंद्र दीक्षित की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि महेश चंद्र के कपड़े जल गए और मंदिर परिसर को भी भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, जटोई गांव निवासी महेश चंद्र दीक्षित पुत्र बेनीराम सोमवार सुबह अपने घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गए थे। उस समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी और आसमान में बिजली कड़क रही थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली मंदिर परिसर में गिरी, जिसकी चपेट में आकर महेश चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। महेश चंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
आकाशीय बिजली से शिव मंदिर को भी नुकसान
आकाशीय बिजली गिरने से शिव मंदिर के परिसर में भी काफी नुकसान हुआ। मंदिर की दीवारों में दरारें आ गईं, मंदिर का घंटा नीचे गिर गया और फर्श भी उखड़ गया। बिजली गिरने की तीव्रता का अंदाजा मंदिर को हुए नुकसान से लगाया जा सकता है। इस दर्दनाक हादसे के बाद जटोई गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई।










