Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 10 अक्टूबर। क्षेत्र के गांव सिरुआ में शराब के लिए दो हजार रुपये नहीं देने पर एक युवक के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक की आंख के नीचे नुकीली चीज से वार किया गया, जबकि सिर और पीठ पर लाठी से हमला किया गया। युवक के दांतों में भी चोट आई है। गांव सिरुआ निवासी आदित्य पुत्र मनोज का कहना है कि आठ अक्टूबर की रात करीब आठ बजे वह अपने घर पर था। इसी दौरान गांव के दीपा पुत्र मुकेश और मुकेश पुत्र बच्चू सिंह व नगला धनीराम निवासी रिंकू उर्फ गूंगा उसे घर से करीब 100 मीटर दूर घूरे के गड्ढों के पास जरूरी बात करने के बहाने बुलाकर ले गए। आरोप है कि वहां तीनों ने उससे शराब पीने के लिए दो हजार रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। आदित्य का आरोप है कि रिंकू ने किसी नुकीली चीज से हमला कर उसकी दाईं आंख के नीचे चोट पहुंचाई, जबकि मुकेश ने लाठी से सिर और पीठ पर वार किया। दीपा के घूंसे से उसके दोनों तरफ के दांतों में भी गंभीर चोट आई। शोर सुनकर बचाने पहुंचे पड़ोसी महेश सिंह के साथ भी मारपीट की गई। शोर शराबा होने पर लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। उसने रात करीब 8:50 बजे 112 नंबर पर फोन करने की बात भी कही है। आरोप है कि अगले दिन सुबह रिंकू उसके घर पहुंचा और दोबारा जान से मारने की धमकी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page