सादाबाद : घर में घुसकर मंगलमुखी से मारपीट, कोतवाली में लगे समाधान दिवस में शिकायत लेकर पहुंची पीड़ित
सादाबाद 10 अक्टूबर। मोहल्ला पोखरवाला में मंगलामुखी के साथ घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना में घायल हुई मंगलामुखी को साथी मंगलामुखी कोतवाली लेकर पहुंचे, शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटरा के सामने अपना दर्द बयां किया और दूसरे गुट के तीन मंगलामुखियों के खिलाफ शिकायत दी, इस प्रकरण पर पुलिस से तत्काल जांच शुरू करने के निर्देश दिए। मोहल्ला पोखरवाला निवासी राधा नामक मंगलामुखी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह अपने घर पर थी। इसी दौरान दूसरे गुट के तीन मंगलामुखी उसके घर में घुस आए। आरोप है कि आते ही तीनों ने बिना किसी वजह के उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में राधा घायल हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घायल राधा को साथी मंगलामुखी अपने साथ लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





