हाथरस 09 अक्टूबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस में अपने कार्यालयों में स्वयं जनसुनवाई करें और यथासंभव शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों पर केवल औपचारिक आदेश जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके वास्तविक निस्तारण की भी प्रभावी निगरानी की जाए। लंबे समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर उनका शीघ्र समाधान कराया जाए।
भूमि संबंधी विवादों के मामलों में डीएम ने उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को आवश्यकतानुसार राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे विवादों का स्थायी समाधान करने और लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाने में मदद मिलेगी। जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों से प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने सरकारी सीयूजी नंबर स्वयं रिसीव करें और जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संपर्क एवं समन्वय बनाए रखें, ताकि जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। डीएम ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस और थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। शिकायतों के प्रभावी समाधान से आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत होगा और आईजीआरएस रैंकिंग में जनपद का प्रदर्शन भी बेहतर होगा।





