Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 अक्टूबर।आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 तथा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने और निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगाए गए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ करें। उन्होंने संबंधित मतदान केंद्रों का पहले से निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही, सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में दुरुस्त करने पर जोर दिया। इसके बाद विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में प्रस्तावित मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मुख्य मार्गों की स्थिति और मतदान प्रक्रिया को निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं का पहले से परीक्षण कर लिया जाए।

डीएम ने आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित नियमों, दिशा-निर्देशों और मतदान प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न प्रपत्रों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी निर्वाचन संबंधी हैंडबुक का गंभीरता से अध्ययन करें और सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करें। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराए जा सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page