हाथरस 09 अक्टूबर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं टीएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा का मथुरा जाते समय यमुना एक्सप्रेस-वे के वृंदावन कट पर हाथरस जनपद के शिक्षक नेताओं और संगठन पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। डॉ. शर्मा मथुरा जनपद के जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा की माताजी के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद हाथरस के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में संगठन की कार्यकारिणी और शिक्षक साथियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान शिक्षक नेताओं ने डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के संगठन के प्रति समर्पण, नेतृत्व क्षमता और शिक्षकों के अधिकारों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, उनके सम्मान की रक्षा और लंबित मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संगठन की एकजुटता बेहद जरूरी है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा ने उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन को निरंतर संघर्षशील रहना होगा। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली, वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता के विरोध सहित शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए संगठन की मजबूती, आपसी एकता तथा प्रत्येक शिक्षक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
डॉ. शर्मा ने शिक्षक साथियों से संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा शिक्षक एकता को और अधिक मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक संगठित होकर अपनी न्यायोचित मांगों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे, तभी उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस प्रयास संभव होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर संघर्ष और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से शिक्षक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सकेगा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद हाथरस के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि संगठन शिक्षक हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती और शिक्षकों की न्यायोचित मांगों के समर्थन में सदैव एकजुट होकर कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जनपद के शिक्षक संगठन के उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। स्वागत कार्यक्रम में जिला मंत्री वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष यतेंद्र पाठक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेंद्र कुमार शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र चौहान, पूर्व जिला मंत्री विजय वीर सिंह, ब्लॉक मंत्री कुलदीप सिंह, ब्लॉक कोषाध्यक्ष भगवान दास यादव, अमित शर्मा, जितेंद्र कौशल, राघवेंद्र गुप्ता, राकेश शर्मा, तुलसी प्रसाद और हसायन से अरुण पचौरी सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक एकता, संगठन की मजबूती और लंबित मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संदेश दिया गया।










