हाथरस 08 अक्टूबर। दहेज में दिल्ली में 100 वर्ग गज का प्लॉट खरीदकर देने की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट और जान से मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मारपीट के बाद उसे बेहोशी की हालत में सिकंदराराऊ-जलेसर मार्ग पर सड़क किनारे छोड़ दिया और उसका मोबाइल व नकदी भी छीन ली। मामले में पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के नगला बिहारी निवासी नंदनी पुत्री मुनेश कुमार ने तहरीर में बताया कि उसकी शादी 26 जून को हिंदू रीति-रिवाज से कृष्णा पुत्र शीशपाल निवासी आरजेड एस-1, निहाल विहार, नांगलोई, पश्चिमी दिल्ली के साथ हुई थी। पीड़िता के अनुसार उसके पिता ने शादी में करीब 12 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें बुलेट मोटरसाइकिल, सोने की चेन, दो अंगूठियां, फर्नीचर, बर्तन, कपड़े और पांच लाख रुपये नकद दिए गए थे। आरोप है कि शादी के करीब 10 दिन बाद से ही पति कृष्णा, ससुर शीशपाल, सास पुष्पा देवी, जेठ रवि व गुलशन और ननद रुकमणी देवी अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। पीड़िता के अनुसार ससुराल पक्ष की ओर से दिल्ली में 100 वर्ग गज का प्लॉट खरीदकर देने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 12 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। इसके बाद उसे पहने हुए कपड़ों में ही कार में बैठाकर सिकंदराराऊ-जलेसर मार्ग पर नगला बिहारी गांव के सामने सड़क पर बेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया। आरोप है कि इस दौरान उसका मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये भी छीन लिए गए। पीड़िता के मुताबिक, सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने उसे पानी पिलाकर होश में लाया। ग्रामीणों की सूचना पर उसके पिता मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका स्त्रीधन अभी ससुराल पक्ष के कब्जे में है। नंदनी ने बताया कि उसकी शादी कराने में नगला बिहारी निवासी बिचौलिया राजकुमार और रघुराज की भूमिका थी। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।









