हाथरस 08 अक्टूबर। ड्यूटी पर जा रहे उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल की बाइक में रॉन्ग साइड से आई तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में कांस्टेबल कपिल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के अनुसार उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है और हाथ-पैर ने काम करना बंद कर दिया। मामले में थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला शकूरपुरा, अतरासी रोड निवासी सागर पुत्र मदन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई कपिल पुत्र मदन सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में थाना नारखी, जनपद फिरोजाबाद में उनकी तैनाती है। तहरीर के मुताबिक, 18 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे कपिल बाइक संख्या यूपी 23 एयू 4667 से अलीगढ़ रेलवे स्टेशन से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। ग्राम केशूपुरा के पास पहुंचने पर सामने से रॉन्ग साइड से आई स्प्लेंडर बाइक संख्या एचआर 02 बीई 1373 के चालक ने तेज और लापरवाही से बाइक चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में कपिल की रीढ़ की हड्डी के एल-4 और एल-5 हिस्से अपनी जगह से खिसक गए। परिजनों के अनुसार उनका सीधा हाथ और पैर काम करना बंद हो गया, जबकि हाथ की बगल के नीचे की नस भी प्रभावित हुई। हादसे के बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माढू लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेरठ के गढ़ रोड स्थित नारायण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन कर इम्प्लांट डाला गया। वह 18 से 26 सितंबर तक अस्पताल में भर्ती रहे। फिलहाल घर पर उनका उपचार चल रहा है। परिजनों का कहना है कि कपिल के उपचार में व्यस्त रहने के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी। अब तहरीर के आधार पर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।









