हाथरस 08 अक्टूबर। स्थानीय निकायों से संबंधित कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति तथा नगर विकास क्षेत्र के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों और परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों एवं योजनाओं में अपेक्षित सुधार लाने तथा सभी निर्माण कार्यों और परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत कराए गए, प्रगतिरत एवं स्वीकृत कार्यों, राज्य सेक्टर योजना के कार्यों, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, अंत्येष्टि स्थलों, वंदन योजना, आदर्श नगर पंचायत योजना, कान्हा गौशाला, प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्ध की गई कार्रवाई, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, ऑडिट आपत्तियों, स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई तथा एमआरएफ सेंटर आदि की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्वीकृत कार्यों के सापेक्ष टेंडर प्रक्रिया तत्काल और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपादित कराने तथा कार्यादेश समय से जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वीकृत कार्यों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को भी कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी कार्य में अनावश्यक विलंब पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों को चिन्हित कर उनकी तत्काल मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार प्रतिस्थापन कराने को कहा। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक समय से और प्रभावी ढंग से पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









