
हाथरस 07 अक्टूबर। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव रमनपुर में कमेटी के पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी परिवार के चार लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रमनपुर निवासी राधा पत्नी भोला नागर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार अक्टूबर की रात करीब नौ बजे पड़ोस के वीरेंद्र, उसकी पत्नी विमलेश, बेटे अमन और पंकज ने कमेटी के पैसों को लेकर उसके साथ गाली-गलौज की थी। उस समय आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था। पीड़िता का आरोप है कि अगले दिन पांच अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे वह अपने घर के बाहर बैठी हुई थी। इसी दौरान चारों नामजद लोग वहां आ गए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर सभी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। राधा के अनुसार मारपीट होते देखकर उसकी बेटी उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंची, तो उसके साथ भी मारपीट की गई और उसे चोट लग गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि इसके बाद नामजद लोग जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना के बाद पीड़िता ने हाथरस गेट कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर वीरेंद्र, विमलेश, अमन और पंकज के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








