हाथरस 07 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल रजिस्टर्ड की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक इटावा के माया मैरिज होम में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. दिलीप सेठ ने किया। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिला अध्यक्षों, वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से पहुंचे व्यापारिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं और उनके समाधान के साथ-साथ आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यसमिति की बैठक में यूपीआई भुगतान पर लगाए गए एमडीआर चार्ज को लेकर व्यापारियों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बावजूद व्यापारियों पर अतिरिक्त शुल्क का बोझ डाला जाना चिंता का विषय है। बैठक में सभी जिला प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि 10 अक्टूबर को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर यूपीआई और एमडीआर चार्ज के विरोध में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाए। इसके साथ ही व्यापारियों से ग्राहकों को यूपीआई के स्थान पर नगद भुगतान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
व्यापार मंडल ने आगे की रणनीति तय करते हुए 15 अक्टूबर को प्रदेश के बाजारों में काले झंडे लेकर यूपीआई पर लगाए गए एमडीआर चार्ज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। नगर अध्यक्ष तरुण ‘पंकज’ ने बताया कि हाथरस में भी 15 अक्टूबर को व्यापारियों का एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी व्यापारी भाइयों से अपील की कि यूपीआई पर लगाए गए चार्ज के विरोध में एकजुट होकर कार्यक्रम में सहभागिता करें और संगठन की आवाज को मजबूती प्रदान करें। बैठक में खाद्य विभाग की ओर से समय-समय पर जारी किए जा रहे नए कानूनों और नियमों को लेकर भी व्यापारियों ने नाराजगी जताई। व्यापारियों ने कहा कि लगातार नए प्रावधान लागू होने से कारोबारियों के सामने कई तरह की व्यावहारिक परेशानियां पैदा होती हैं। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषणों पर लागू वीआईएस व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों ने अपनी आपत्तियां रखीं। बैठक में मंडी समितियों में कथित रूप से व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया गया और इसे लेकर व्यापारियों ने आक्रोश व्यक्त किया। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हाथरस से नगर अध्यक्ष तरुण ‘पंकज’, प्रदेश मंत्री निर्देश चंद वार्ष्णेय, प्रदेश युवा संगठन मंत्री राहुल गुप्ता ट्रांसपोर्ट, जिला कोषाध्यक्ष संजीव आंधीवाल सहित अनेक व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को प्रदेश स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन चरणबद्ध तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। यूपीआई पर एमडीआर चार्ज के विरोध में प्रस्तावित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी जिला इकाइयों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।









