हाथरस 07 अक्टूबर। ब्रज के विरक्त संत श्री रमेश बाबा महाराज के गोलोक गमन से भक्तों और संत समाज में शोक की लहर है। ब्रज ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में श्रद्धा के केंद्र रहे पूज्य संत श्री रमेश बाबा महाराज को भावांजलि अर्पित करने के लिए हाथरस में भव्य नगर प्रभात फेरी, संकीर्तन और शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह प्रभात फेरी बृहस्पतिवार 8 अक्टूबर को सुबह 6 बजे बड़ी कोठी बंदरबन स्थित मंदिर श्री बांके बिहारी जी महाराज से प्रारंभ होगी। नगर में आयोजित ब्रज बरसाना यात्रा मंडल की बैठक में मंडल अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि श्री रमेश बाबा महाराज केवल ब्रज के ही नहीं, बल्कि पूरे भारत और विश्व के पूज्य संतों में शामिल रहे। उनके गोलोक गमन से संत समाज और भक्तजनों को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि बाबा श्री भले ही आज भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और आध्यात्मिक प्रेरणा सदैव भक्तों के साथ रहेगी। प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि दिवंगत सद्गृहस्थ संत मास्टर कैलाशचंद जी वार्ष्णेय द्वारा करीब 17 वर्ष पूर्व पूज्य श्री रमेश बाबा महाराज के आशीर्वाद से मासिक बरसाना यात्रा का शुभारंभ किया गया था। यह यात्रा आज भी उनके सुपुत्र जितेंद्र वार्ष्णेय एवं ब्रज बरसाना यात्रा मंडल के परिकर के माध्यम से निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि बाबा महाराज का ब्रज और भक्तों के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
बैठक में रोचक जैन ने बताया कि श्री रमेश बाबा महाराज के गोलोक गमन के बाद उन्हें भावांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से नगर के सभी संकीर्तन मंडलों के सहयोग से भव्य प्रभात फेरी एवं संकीर्तन शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को सुबह 6 बजे बड़ी कोठी बंदरबन स्थित मंदिर श्री बांके बिहारी जी महाराज से प्रभात फेरी प्रारंभ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त और श्रद्धालु शामिल होंगे। बैठक के माध्यम से सभी सनातनी समाज एवं भक्त प्रेमी जनता से अपील की गई कि वे प्रभात फेरी एवं संकीर्तन शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पूज्य संत श्री रमेश बाबा महाराज को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करें और उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करें। आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन बाबा महाराज के प्रति भक्तों की आस्था और उनके आध्यात्मिक योगदान को नमन करने का अवसर होगा। बैठक में योगेंद्र मोहन शर्मा, अमित गोयल, राधावल्लभ अग्रवाल, विकास अग्रवाल, आशीष जैन, मनोज वार्ष्णेय, राकेश शर्मा एडवोकेट, विजेंद्र दीक्षित एडवोकेट, संदीप महेश्वरी, महाराज जी, पंकज वार्ष्णेय पदू वाले, अशोक अग्रवाल, अशोक अग्रवाल पेशकार, संजय दीक्षित एडवोकेट सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।







