हाथरस 07 अक्टूबर। मेला श्री दाऊजी महाराज में संचालित अखिल भारतीय खटीक समाज के कार्यक्रम का समापन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंजीनियर किशन सिंह परेवा ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गनेशी लाल सूर्यवंशी, महेश तिरेठिया ट्रांसपोर्ट वाले, भगवान दास, लक्ष्मण सिंह, विशंभर दास, प्रवक्ता सीबी सिंह और जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार सूर्यवंशी सहित समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम दरबार, दाऊजी महाराज, संत शिरोमणि दुर्लभ नाथ जी एवं राजा खटवांग के छवि चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों एवं समाज के प्रमुख पदाधिकारियों का अंगवस्त्र पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने समाज के लोगों से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए सभी लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर मिल-जुलकर काम करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि समाज में शिक्षा का अभी भी अभाव है, इसलिए प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए गंभीर प्रयास करने चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे व्यक्ति को जीवन जीने की सही पद्धति का ज्ञान भी मिलता है। शिक्षा के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, गरीबी दूर करने में मदद मिलती है और घर में खुशहाली आती है।
अतिथियों ने कहा कि जीवन में मेहनत करना जरूरी है, लेकिन शिक्षित व्यक्ति अपनी योग्यता और ज्ञान के आधार पर बेहतर अवसर प्राप्त कर सकता है। शिक्षा हासिल करने के बाद युवा सरकारी नौकरी के साथ-साथ वकील, इंजीनियर, डॉक्टर, अध्यापक सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपना भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने समाज के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दें और बेटियों को भी समान रूप से शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराएं। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने एकजुट होकर समाज की उन्नति, शिक्षा को बढ़ावा देने और आपसी सहयोग के साथ आगे बढ़ने का संकल्प भी लिया।
समारोह में मीना चक, अनीता देवी, रागनी गायक रामकिशन, एडवोकेट श्याम सिंह, अध्यापक दयाशंकर, रविंद्र सिंह, गुड्डू किरार, श्रीनिवास, अनिल सूर्यवंशी, प्रिंस सूर्यवंशी, डब्बू भाई सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष इंजीनियर किशन सिंह परेवा एवं जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार सूर्यवंशी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन शिविर संयोजक एडवोकेट अर्जुन सिंह ने किया। समारोह के समापन के साथ ही समाज के लोगों ने शिक्षा, एकता और सामाजिक उत्थान के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।







