हाथरस 06 अक्टूबर। मेला श्री दाऊजी महाराज देखकर बाइक से घर लौट रहे दंपती की बाइक सोमवार देर रात कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा मेंडू के निकट अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को गड्ढे से बाहर निकलवाकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भूपेंद्र कुमार (31) पुत्र राजवीर सिंह निवासी सिकंदरपुर, थाना हाथरस जंक्शन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी चंद्रवती की हालत देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया। बताया गया कि भूपेंद्र कुमार अपनी पत्नी के साथ सोमवार को मेला श्री दाऊजी महाराज देखने आए थे और मेला देखने के बाद बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मेंडू के निकट बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।









