Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए मंगलवार, 6 अक्टूबर को “श्रमिक सम्मान एवं स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन निर्माणाधीन भवन जनपद न्यायालय, हाथरस में किया गया। शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से किया गया, जिसमें श्रमिकों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। शिविर का उद्घाटन मा. सदर विधायक अंजुला माहौर ने किया। उद्घाटन के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, प्रभारी जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी सतेन्द्र कुमार मिश्र एवं दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

180 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शिविर में कुल 180 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित की गईं। इस दौरान 8 श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। वहीं 30 श्रमिकों की आंखों की जांच की गई और उन्हें दूर एवं पास के चश्मे उपलब्ध कराए गए। 34 श्रमिकों को टिटनेस के टीके लगाए गए। इसके अलावा 15 श्रमिकों के दांतों का परीक्षण कर आवश्यक इलाज एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 40 श्रमिकों की खून की जांच की गई, जबकि 13 श्रमिकों का नया पंजीकरण भी किया गया। शिविर के माध्यम से श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

7 अक्टूबर को सलेमपुर में लगेगा शिविर

उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत विभिन्न विभागों द्वारा जनहित में लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 7 अक्टूबर को औद्योगिक संस्थान, सलेमपुर, हाथरस में भी “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम रही मौजूद

शिविर में चतुर सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, पुष्पेन्द्रवीर, जिला नगरीय समन्वयक, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हाथरस, डॉ. स्वाति गुप्ता, चिकित्साधिकारी, डॉ. मानिक रस्तौगी, चिकित्साधिकारी, डॉ. इंदुमति, दीक्षा, स्टाफ नर्स सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page