
हाथरस 05 अक्टूबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट सभागार में समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं महिला कल्याण सहित सोशल सेक्टर से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वृद्धावस्था, किसान व निराश्रित महिला पेंशन, छात्रवृत्ति, शादी अनुदान तथा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना जैसे लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सचेत किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए तहसील सासनी और सादाबाद में ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ के नए निःशुल्क कोचिंग सेंटर संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही वृद्धाश्रमों में वृद्धजनों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वास्थ्य सेवाएँ और मूलभूत सुविधाएँ सुनिश्चित करने, डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के कार्यों को समय पर पूरा करने तथा प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित गाँवों में विकास कार्य तेजी से कराने को कहा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने के सख्त निर्देश दिए।








