
हाथरस 05 अक्टूबर। सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के जूनियर एवं सीनियर विंग में सोमवार को ‘पैट्रनस डे’ एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा के जन्मदिवस का आयोजन धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में प्रार्थना सभा (Prayer Service) के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय मैगजीन का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के बैंड की मधुर धुन के बीच विद्यालय के मैनेजर फादर जॉर्ज पॉल एवं प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा के सम्मानपूर्वक परिसर में आगमन से हुआ। इसके पश्चात संत फ्रांसिस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। छात्र-छात्राओं ने ‘Make Me a Channel of Your Peace’ गीत प्रस्तुत कर शांति एवं प्रेम का संदेश दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष पुरस्कार एवं प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम पांच स्थानों पर रहने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया गया। विद्यालय के मैनेजर फादर जॉर्ज पॉल ने प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से संत फ्रांसिस के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके द्वारा दिए गए प्रेम, विनम्रता और शांति के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा ने विगत शैक्षणिक सत्र के सभी टॉपर्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि संत फ्रांसिस प्रकृति और सभी जीव-जंतुओं से प्रेम करते थे तथा पूरी सृष्टि को ईश्वर की सुंदर रचना मानते थे। उनके जीवन से हमें प्रेम, सादगी और शांति का संदेश सीखने की प्रेरणा मिलती है। प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।











