
हाथरस (मुरसान) 03 अक्टूबर। मुरसान कोतवाली क्षेत्र के दयालपुर निवासी एक विधवा ने अपने पति की हत्या के मुकदमे में जेल में बंद आरोपी के परिजनों पर राजीनामे का दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दयालपुर पेट्रोल पंप के पास निवासी अंजू पत्नी स्वर्गीय सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि घटना एक अक्टूबर की सुबह की है। वह रोज की तरह स्कूटी से स्कूल जा रही थी। कंचना फाटक बंद होने के कारण वहां वाहनों की कतार लगी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान मलखान सिंह और मालती देवी ने उसे रोक लिया। पीड़िता के अनुसार मलखान सिंह उसके पति की हत्या के मुकदमे में जेल में बंद सुखवीर का पिता है, जबकि मालती देवी सुखवीर की पत्नी है। आरोप है कि दोनों ने उससे मुकदमे में राजीनामा करने के लिए कहा और ऐसा नहीं करने पर परिणाम अच्छे नहीं होने की धमकी दी। अंजू के मुताबिक दोनों के साथ दो अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद थे। पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि इससे पहले छह अगस्त को उसके मोबाइल नंबर पर एक अन्य नंबर से लगातार तीन बार फोन आया था। डर के कारण उसने फोन रिसीव नहीं किया। अंजू का कहना है कि मामले को लेकर वह पूर्व में उच्चाधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र दे चुकी है। घटना के बाद पीड़िता ने मुरसान थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।




