सिकन्दराराऊ 03 अक्टूबर। सिकन्दराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव पोरा में हनुमान चालीसा पाठ करने जा रहे दो लोगों पर रास्ता रोककर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो गाड़ियों से आए हमलावरों ने तमंचे की बट और सरिया से हमला कर दिया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। गांव पोरा निवासी नेत्रपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 सितंबर की शाम उसका छोटा भाई हरिओम और भतीजा मोहित हनुमान चालीसा पाठ करने के लिए जा रहे थे। आरोप है कि विनोद माहेश्वरी की दुकान के पास रास्ते में देवेश, गोलू और हिमांशु निवासी पोरा तथा शिवम निवासी उमरावपुर समेत करीब 10 अज्ञात लोग दो गाड़ियों से वहां पहुंचे और दोनों का रास्ता रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे की बट से सिर पर वार किया और सरिया से भी हमला किया। हमले में हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मोहित किसी तरह मौके से भागकर अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उस समय भी हमलावर अवैध असलहे और लाठी-डंडे लेकर वहां गाली-गलौज कर रहे थे। तहरीर में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पूरे घटनाक्रम की साजिश दीपक चौहान ने रची थी। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई बताई गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।





